दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार प्रवासी मजदूर घायल

ऊना। जिला ऊना में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार प्रवासी मजदूर घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पहला हादसा पुलिस थाना ऊना के तहत पड़ते जनकौर से सामने आया है। जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी और हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। घायलों की पहचान सुनीता और रामचंद्र पासवान निवासी बिहार के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि रामचंद्र और सुनीता बाइक पर सवार होकर मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान संतोषगढ़ ऊना मार्ग पर पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से चालक वाहन सहित फरार हो गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक ने घायल सुनीता को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआइ चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया है।
वहीं दूसरे मामले में राम निवास निवासी उत्तर प्रदेश और हीरामती बाइक पर सवार होकर ठठल से धुसाड़ा की ओर जा रहे थे कि राम निवास अचानक बाइक से संतुलन खो बैठा और बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर गए।
लोगों की सहायता से दोनों को ऊना अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर राम निवास को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। एएसपी ऊना संजीव भाटिया द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।