बलेवड़ी गांव में अज्ञात बदमाशों ने राह चलते लोगों पर किया हमला

उदयपुर: उदयपुर के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के बलेवड़ी गांव में भगवान परशुराम जी की आरती कर घर लौट रहे लोगों पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। हादसे में 4 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में स्थानीय लोग गांव में ही भगवान परशुराम जी की आरती कर वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी कुछ बदमाशों ने लोगों पर लट्ठ, तलवार और पत्थरों से हमला कर दिया।

हादसे में किशोर गामोट, अशोक कुमार गामोट, ऋषिकेश गामोट व जयेश कलाल बुरी तरह घायल हो गए। वहीं सूचना पर हैड कांस्टेबल राकेश, कांस्टेबल मयंक मय जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही बदमाश मौके से भाग गए।
मामले को लेकर विप्र तहसील अध्यक्ष हरीश पानेरी सहित कई ग्रामीण खेरवाड़ा थाने पहुंचे। थानाधिकारी दिलीप सिंह को रिपोर्ट सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इधर, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।