अजमेर में 19 लाख 76 हजार 714 वोटर

अजमेर: अजमेर जिले में अब वोटर की संख्या 19 लाख 76 हजार 714 मतदाता है। अजमेर की आठ विधानसभा क्षेत्रों में 9728 वोटर के नाम जोडे़ गए। जिले में 1950 मतदान केन्द्र होंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का अन्तिम प्रकाशन बुधवार 4 अक्टूबर को किया गया था। इसके पश्चात् निरन्तर प्रक्रिया में जोड़े गए मतदाताओं के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। इसमें 19 लाख 66 हजार 986 मतदाता थे। इसके बाद 9728 मतदाताओं का नाम जोड़ा गया है। इस प्रकार कुल मतदाता संख्या 19 लाख 76 हजार 714 हो गई है।
अनुमानित जनसंख्या की तुलना में जिले का मतदाता जनसंख्या अनुपात 647 हो गया है। जिले के कुल 19 लाख 76 हजार 714 में से 10 लाख 5 हजार 37 पुरूष, 9 लाख 71 हजार 650 महिला एवं 27 ट्रांसजेण्डर मतदाता है। जिले का लिंगानुपात अनुमानित जनसंख्या में 951 तथा मतदाताओं में 967 है।