छठ पूजा के लिए पैसे मांगने पर पत्नी की हत्या, डेड बॉडी लेकर फरार हुआ पति

यूपी। देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखकर पति फरार हो गया। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस दो दिन से आरोपी पति और उसकी पत्नी का शव खोजने में जुटी है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।

सुरौली थाना क्षेत्र के सुकईं परसिया के युवक ने पड़ोस की स्वजातीय युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों से चार साल की बेटी भी है। वह अपनी पत्नी के साथ शहर के एक मोहल्ले में रहता था। आरोपी एक व्यक्ति की जेसीबी और ट्रैक्टर चलाता है। एक माह से वह खेतीबाड़ी के काम से अपने गांव पर आया हुआ था।
शनिवार शाम युवक खेत जोत रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो उसी समय उसकी पत्नी पंहुचीं और घर खर्च और छठ पूजा के लिए पैसे मांगने लगी। इसी बीच दोनों में बहस होने लगी। पत्नी नाराज होकर पति पर पत्थर चलाने लगी। इस पर पति ने पत्नी को नीचे गिराकर पैर से उसका गला दबा दिया। मौत के बाद बगीचे में शव रख कर घर गया और वहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आया। शव उसमें रखा और पुआल से ढंककर फरार हो गया। अपराधी प्रवृत्ति का होने के कारण ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। थानाध्यक्ष, सुरौली विनोद कुमार सिंह ने कहा घटना सत्य है। जांच की जा रही है।