सेंट्रल हॉल में सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने जवाहर लाल नेहरू को दी श्रद्धांजलि, VIDEO

नई दिल्ली: देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर संविधान सदन ( पुराने संसद भवन ) के सेंट्रल हॉल में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोक सभा सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और राजीव शुक्ला सहित कई वर्तमान सांसदों, पूर्व सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह और राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी ने भी जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
आपको बता दें कि, तत्कालीन संसद भवन के सेंट्रल हॉल में 5 मई, 1966 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एस. राधाकृष्णन द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र का अनावरण किया गया था। संसद के नए भवन में दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो जाने के बाद अब संसद के पुराने भवन को संविधान सदन के नाम से जाना जाता है।
आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष श्री @kharge, CPP चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी जी सहित वरिष्ठ नेताओं ने संसद परिसर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। pic.twitter.com/SGdUOHgLWO
— Congress (@INCIndia) November 14, 2023