गला घोंटकर किशोर की हत्या

बिल्सी। सोमवार शाम से लापता कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव अहमदगंज निवासी किशोर का शव मंगलवार को उसके खेत में मिला। गमछे से ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने गले से गमछा निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस दौरान किशोर के शव के पास गमछा पड़ा था। गले पर निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार में कोहराम मचा है।

गांव अहमदगंज निवासी सुरेश यादव का 16 साल का बेटा विकास यादव सोमवार दोपहर लगभग चार बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने देर रात तक इधर-उधर तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार शाम विकास यादव के परिजन उसे तलाशते हुए गांव के पास बाजरा के खेत पर पहुंचे।
जहां विकास यादव का शव पड़ा मिला। उसके गले में सफेद रंग का गमछा कसा हुआ था। परिजनों ने गले से गमछा निकाला। गले पर चोट के निशान थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। किशोर की पेंट की जेब की तलाशी ली। जिसमें मोबाइल निकला। पुलिस ने कॉल डिटेल निकलवाई है।