दिवाली से पहले मर्डर: दूसरी शादी करने वाले पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, शव छुपाने अपनाया ये हथकंडा

आगरा: आगरा के इंदर एन्क्लेव, बल्केश्वर (कमला नगर) में गुरुवार की रात पति ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। शव पलंग पर कंबल के नीचे छिपाया। कमरे का ताला बंद करके पति फरार हो गया। शुक्रवार की सुबह खुद फोन करके पिता को हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में लिया। देर रात हत्यारोपी पति भी पकड़ गया। मायके वालों ने दहेज हत्या की तहरीर दी है।

नगला छिद्दा, हरीपर्वत निवासी 30 वर्षीय चित्रा की शादी मई 2023 में बल्केश्वर निवासी हेमंत के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों में विवाद होता था। दोनों की यह दूसरी शादी थी। हेमंत की पहली पत्नी की प्रसव के दौरान नवंबर 2022 में मृत्यु हो गई थी। वहीं चित्रा का पहले पति से तलाक हो गया था। करीब आठ माह पहले दोनों की मुलाकात हुई थी। उसके बाद मंदिर में शादी रचा ली।
एसीपी हरीपर्वत मयंक तिवारी ने बताया कि पुलिस को सुबह परिजनों ने बताया कि चित्रा की हत्या करके मयंक भाग गया है। लाश कमरे में बंद है। पुलिस मौके पर पहुंची। चित्रा का शव पलंग पर मिला। ऊपर से कंबल ढका हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके वालों का पता लगाया। उन्हें सूचना दी। छानबीन में पता चला कि पति-पत्नी में आए दिन विवाद हुआ करता था। रात करीब दस बजे भी दोनों में झगड़ा हो रहा था।
हेमंत रात में ही घर से भाग गया था। सुबह घर पर फोन किया। बताया कि कमरे का ताला खोलकर देखें। उसने चित्रा की हत्या कर दी है। दुपट्टे से उसका गला घोंटा था। पलंग पर कंबल के नीचे उसी लाश है। यह सुनकर परिजन घबरा गए। ताला खोलकर कमरे में पहुंचे तो शव देखकर होश उड़ गए।
हेमंत जूता कारिगर था। चित्रा आए दिन होने वाले विवाद के चलते अपने मायके चली गई थी। 19 अक्तूबर को पंचायत में समझौता करके पति उसे वापस घर लेकर आया था। पंचायत में हेमंत ने यह शपथपत्र दिया था कि अब चित्रा से झगड़ा नहीं करेगा। उसे अच्छे तरीके से रखेगा।