घरों में खाना बनाने वाली के साथ रेप, मारपीट के बाद अर्धनग्न छोड़ा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में एक अधेड़ उम्र की 5 बच्चों की मां के साथ दरिंदगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने 50 साल की महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के बाद जमकर पिटाई भी की। इसके बाद आरोपी पीड़ित महिला को अर्द्धनग्न और अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने छानबीन के बाद शनिवार को मामला दर्ज कर आरोपी याकूब (58) को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला परिवार के साथ जौहरीपुर, करावल नगर में रहती है। उसके पांच बच्चे हैं। वह घरों में खाना बनाने का काम करती है। 14 नवंबर की सुबह वह घर से काम पर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। अगले दिन ज्योति नगर इलाके में स्थानीय लोगों ने पीड़िता को सड़क पर अर्द्धनग्न हालत में अचेत देखा।
मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला को पास के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस को अपना बयान दिया। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में दुष्कर्म का मामला दर्ज कर शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।