हाईवे पर हथियार के साथ खड़े एक युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जोधपुर। पुलिस कमिश्नरेट की राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल बरामद की गई है। आरोपी महाराष्ट्र में एक व्यापारी से 5 लाख रुपए की लूट के मामले में फरार चल रहा था।

थानाधिकारी शकील अहमद ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ उच्च अधिकारियों के निर्देशन पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि महाराष्ट्र में व्यापारी से 5 लाख की लूट में फरार आरोपी रवि सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह राजपूत निवासी ईसाइयों का कब्रिस्तान जोधपुर अभी तिलवाड़िया फाटा जैसलमेर हाईवे पर खड़ा है। उसके पास अवैध देशी पिस्टल है। इस पर पुलिस और डीएसटी टीम ने जॉइंट कार्रवाई करते हुए आरोपी को अवैध हथियार के साथ पकड़ा। आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है।