दूसरी मंजिल से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद के एसजीएम नगर इलाके में एक युवक संदिग्ध हालात में मकान की दूसरी मंजिल से गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक ने लव मैरिज की की थी। घटना के समय किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के माता-पिता किसी काम से उत्तर प्रदेश गए हुए हैं। उनके आने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

वही इस मामले में मृतक सूरज (22) के भाई सागर ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले ही उनके भाई और भाभी का झगड़ा हुआ था। सागर के अनुसार करीब एक साल पहले सूरज ने बिहार की रहने वाली एक लड़की से लव मैरिज की थी। उसकी सास और उसकी पत्नी बात-बात पर सूरज के साथ झगड़ा करते रहते थे। फिलहाल उसकी भाभी को डेढ़ महीने की एक बेटी है। भाभी की मां भी आज घर पर आई थी। वह अपनी बेटी को छठ त्योहार पर अपने घर ले जाने की जिद करने लगी। वह उसे लेकर रेलवे स्टेशन चली भी गई, लेकिन सूरज अपनी डेढ़ महीने की बेटी को उससे लेकर घर आ गया।
उसने कहा कि वह उसकी बेटी को छोड़कर भले अपनी मां के साथ चली जाए। इसके बाद उसके भाई के साथ उसकी भाभी और उसकी मां ने झगड़ा कर दिया। इसी दौरान क्या हुआ, कुछ पता नहीं। उसका भाई दूसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। उन्हें शक है कि उसके भाई को धक्का मार कर नीचे गिरा दिया गया, जिसके चलते उसकी मौत हुई है। सागर ने बताया कि वह मूल रूप से बुंदेलखंड के रहने वाले हैं। कई वर्षों से फरीदाबाद के एसजीएम नगर में रह रहे हैं। सागर के मुताबिक उनके मौसा की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद उसके माता-पिता कानपुर गए हुए हैं। भाई के साथ हुई इस घटना की सूचना उन्होंने उन्हें दे दी है। पुलिस के जांच अधिकारी PSI पंकज ने बताया कि मृतक के माता-पिता घर पर नहीं हैं। उनके आने के बाद उनके बयान के आधार पर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।