लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित होने पर प्रतिभा सिंह ने जताई खुशी

शिमला। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल बहुमत से पारित होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने खुशी जताते हुए कहा है कि अंतत: देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी का महिलाओं का राजनीति में 33 प्रतिशत के आरक्षण का सपना साकार होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं व नगर निकायों में आरक्षण देकर इसकी पहल की थी और अब लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भी महिलाओं को उनका हक दिया जाना सक्रिय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने महिला आरक्षण बिल पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि इस बिल को बहुमत से पारित करवाने में सोनिया गांधी का बहुत बड़ा हाथ है।
