जिस खालिस्तान के कारण इंदिरा गांधी की हत्या हुई, उसी के पक्ष में दिया बयान: प्रवक्ता संबित पात्रा

दिल्ली न्यूज: भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर खालिस्तान के पक्ष में बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा है जिस खालिस्तान के कारण इंदिरा गांधी की हत्या हुई, उसी खालिस्तान के पक्ष में कांग्रेस के एक सिटिंग मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान दिया है। भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए पात्रा ने कहा कि अगर कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में अपने घोषणापत्र में किए गए वादे को पूरा किया होता तो आज अशोक गहलोत को खालिस्तान और राहुल गांधी को हमास का समर्थन नहीं करना पड़ता।

संबित पात्रा ने प्रियंका पर हमला करते हुए कहा कि यह केवल एक युवक की हत्या का विषय नहीं है, बल्कि ये आज पूरे राजस्थान और अन्य सभी कांग्रेस शासित राज्यों का विषय है। भाजपा प्रवक्ता ने प्रियंका गांधी से मांग की कि रैली करने से पहले आज भरतपुर के उस गांव में जाएं जहां यह हत्या हुई है, पीड़ित परिवार से मिलें और इस विभत्स हत्या के दोषियों के साथ जिम्मेदार पुलिसकर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करके दिखाएं।