प्रेमिका ने रिश्ता रखने से किया इंकार, गुस्साए युवक ने बहन का रेत डाला गला

रांची: झारखंड के गोड्डा में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की चार वर्षीय बहन की गला रेतकर हत्या कर दी। बताया गया है कि युवक एवं उसकी प्रेमिका के बीच विवाद हो गया था और इसके बाद प्रेमिका ने आगे रिश्ता रखने से इनकार कर दिया था।

वारदात गोड्डा जिला अंतर्गत देवडांड़ थाना की झिलुवा पंचायत अंतर्गत कर्णपुरा ग्राम की है। रविवार की रात आरोपी युवक परमेश्वर मुर्मू प्रेमिका के घर में घुस आया। उस वक्त युवती और उसकी मां शौच के लिए बाहर गई थी। युवती की छोटी बहन चार वर्षीय प्रियंका घर में अकेली थी। अचानक उसकी चीख सुनाई पड़ी तो लोग दौड़े। वह खून से लथपथ स्थिति में पड़ी थी। थोड़ी ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
बताया गया कि एक दिन पहले परमेश्वर ने फोन पर अपनी पूर्व प्रेमिका को धमकी देते हुए कहा था कि उसकी हत्या कर दी जाएगी। आरोप है कि परमेश्वर ने ही वारदात को अंजाम दिया है। वह फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मर्डर का एक और केस
राजधानी पटना के होटल में महिला सिपाही शोभा कुमारी (21) की हत्या करने वाले उसके पति गजेंद्र कुमार ने रविवार को जहानाबाद के काको थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। बीते 9 दिन से वह फरार था। गजेंद्र ने काको पुलिस को दिए बयान आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी का एक सिपाही से अवैध संबंध था। वह उस सिपाही से संबंध खत्म करने के लिए पत्नी पर दबाव बना रहा था। लेकिन विरोध के बावजूद शोभा उक्त सिपाही का साथ नहीं छोड़ रही थी।
गजेंद्र ने कहा कि महिला सिपाही ने ही उसको पटना बुलाया था और उसे मारने के लिए साथ में कट्टा लेकर होटल आई थी। महिला सिपाही उसे गोली मारना चाहती थी लेकिन ऐसा करने से पहले ही उसने शोभा को गोली मार उसकी हत्या कर दी। डीएसपी विधि व्यवस्था कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि जहानाबाद से पटना लाकर पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। काको थाना क्षेत्र के दमूहा टोला जोगिया डीह निवासी गजेंद्र कुमार कोचिंग चलाता है। वह घटना से एक दिन पहले जहानाबाद से पटना आया था। होटल मीनाक्षी में शाम को कमरा लेते वक्त उसने अपना और अपनी पत्नी का आधार कार्ड होटल मैनेजर को दिया था। गजेंद्र ने बताया था कि उसकी पत्नी सिपाही है और ड्यूटी में है। वह शुक्रवार की सुबह होटल में आएगी। वह होटल की तीसरी मंजिल स्थित कमरा संख्या 303 में ठहरा था।
सुबह करीब आठ बजे शोभा होटल के कमरे में पति से मिलने आई थी। आरोपित घटना को अंजाम देकर 9.32 बजे होटल से फरार हो गया था। कमरा संख्या-303 सड़क की ओर है। आने-जाने वालों का वाहनों का वहां भारी शोरगुल रहता है। इस कारण बगल के कमरे में रहने वालों को भी गोली की आवाज सुनाई नहीं दी। घटना से पहले दोनों के बीच मारपीट हुई थी। आवाज सुनकर ही सुबह करीब 10 बजे बगल के कमरे में ठहरे व्यक्ति ने अनहोनी की आशंका जाहिर की थी। बाद में जब होटल कर्मी कमरे में पहुंचे तो पाया था कि वहां महिला का खून से लथपथ अर्धनग्न शव पड़ा हुआ है।
गजेंद्र ने वर्ष 2016 में शोभा से दूसरी शादी की थी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पटना जंक्शन के समीप होटल मीनाक्षी में 20 अक्टूबर की सुबह पति गजेंद्र ने महिला सिपाही शोभा कुमारी की हत्या कर दी थी। महिला सिपाही को कट्टे से दो गोली मारी गई थी।इससे महिला का आधा चेहरा उड़ गया था। शोभा अरवल के कुर्था थाना क्षेत्र के सोरा गांव की रहने वाली थी। शोभा वर्ष 2021 में बिहार पुलिस में बहाल हुई थी।