8 माह की गर्भवती महिला ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

ऊना। जिला ऊना में नंगल क्षेत्र के मोजोवाल गांव में आठ माह की गर्भवती महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान पूजा पत्नी राहुल गांव मोजोवाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पूजा और उसके पति राहुल की शादी समारोह में जाने को लेकर कहासुनी हुई थी।

मृतका के पति राहुल ने बताया कि मृतका के किसी रिश्तेदारी में विवाह समारोह था। पूजा वहां जाने की जिद करने लगी। उसने उसे शाम को जाने की बात कही और वह बालों की कटिंग करवाने चला गया। कुछ समय बाद पूजा के द्वारा खुद को फंदा लगा लेने की जानकारी उसे फोन पर मिली। जिसके बाद राहुल तुरंत ही घर पहुंचा और उसे अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर ने बताया कि उसके गर्भ में ही बच्चे की भी मौत हो गई थी। वहीं इसकी जानकारी नंगल पुलिस को दी है। पुलिस की टीम ने मौके पर अस्पताल पहुंचकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि नया नंगल पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंसपेक्टर सरताज सिंह द्वारा की गई है।
उन्होंने बताया कि मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।