दिल्ली की लव कुश रामलीला में रावण दहन करेंगी कंगना रणौत, ऐसा करने वाली पहली महिला होंगी एक्ट्रेस

देशभर में विजयादशमी उर्फ दशहरा मनाया जा रहा है। जगह-जगह आज रावण के बड़े-बड़े पुतले फूंके जाएंगे। दिल्ली की फेमस रामलीला में भी इस बार वो नजारा देखने को मिलेगा लेकिन इस बार ये खास होगा। क्योंकि इस बार एक महिला के हाथ से तीर चलेगी और रावण धूं-धूं होकर जलेगा। और वो कोई और नहीं, बल्कि बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस कंगना रनौत होंगी। इसकी जानकारी खुद ‘लव कुश रामलीला’ समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने दी है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत मंगलवार 24 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर दिल्ली की फेमस ‘लव कुश रामलीला’ में रावण दहन करेंगी। ‘लव कुश रामलीला’ समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लाल किले पर हर साल आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के 50 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब कोई महिला तीर चलाकर रावण के पुतले को दहन करेगी। अध्यक्ष ने कहा कि समिति ने महिला आरक्षण विधेयक को संसद से मंजूरी मिलने के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।
50 साल में पहली बार महिला करेगी रावण दहन
अध्यक्ष ने न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘चाहे वह फिल्म स्टार हो या राजनेता, हर साल हमारे कार्यक्रम में एक VIP (वैरी इम्पॉर्टेंट पर्सन) की मौजूदगी होती है। बीते सालों में, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की है। फिल्म एक्टर अजय देवगन और जॉन अब्राहम भी आयोजन में शामिल हुए हैं। पिछले साल प्रभास ने रावण दहन किया था। इस बार हमारे आयोजन के 50 साल में पहली बार कोई महिला रावण दहन करेगी।’