लाखों की गांजा तस्करी करने वाला तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार की रात को दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक कार और 17 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर गुरुवार की आधी रात में चुर्क कोल्हुआ के पास नाकाबंदी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जांच में 20 पैकेट में कुल 17 किलो 115 ग्राम गांजा व एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में भदोही जिला निवासी रमेश कुमार सिंह और मनोज कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में थाना राबर्ट्सगंज पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट का अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की।

दो दिन पहले भी पुलिस ने की थी कार्रवाई
रायपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को अंतरराज्यीय दो तस्करों को गिरफ्तार कर 27 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों का एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
रायपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि खलियारी पोखरे के पास दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक अभियुक्त के पास 14 किलो और दूसरे अभियुक्त के पास से 13 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्त अभय कुमार पासवान पुत्र दिनेश कुमार पासवान व कुन्दन बैठा पुत्र सुबाष बैठा बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के ग्राम अमेठी खुर्द कबिलाशपुर के निवासी है। दोनों का चालान कर दिया गया। गांजा तस्करों को पकड़ने वाले पुलिस टीम में रायपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय,हेड कांस्टेबल सुरेश प्रसाद,अजय कुशवाहा, विपिन कुमार यादव शामिल थे।