दशहरा से एक दिन पहले रात का पारा 16 के पास

ग्वालियर। फिलहाल ग्वालियर-चंबल के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है इसलिए मौसम शुष्क है और हवा उत्तर व उत्तर-पश्चिम से आ रही है। इसके चलते दशहरा से एक दिन पहले रात का पारा 16 डिग्री सेल्सियस के पास आ गया। मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि रात में अब धीरे-धीरे ठंड बढ़ेगी।

ग्वालियर शहर में 19 अक्टूबर को रात का पारा 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो वर्तमान मौसम में सबसे कम था। इसके बाद हिमालय में आए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रात का पारा बढक़र 17 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था। सोमवार को इसमें फिर से गिरावट दर्ज की गई है। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि वर्तमान में आरब सागर में चक्रवाती तूफान और बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बना हुआ है लेकिन इनका ग्वालियर-चंबल संभाग सहित मध्यप्रदेश में कोई असर नहीं है इसलिए यहां फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। धीरे-धीरे ठंडी हवाओं की तीव्रता बढ़ेगी जिससे रात के तापमान में और गिरावट होगी। दीपावली से पहले संभवत: रात में गुलाबी ठंड की शुरुआत हो जाएगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 71 और शाम को 59 प्रतिशत दर्ज की गई।