मां-बाप और मामा ने मिलकर की बेटी की हत्या

जोधपुर ग्रामीण के कापरड़ा थाना क्षेत्र के रामड़ावास गांव की सरहद के एक मकान में मिली पिता पुत्री की बॉडी मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। दरअसल लड़की का बाल विवाह हो रखा था, लेकिन अपने पति के बजाय गांव के अन्य युवक के साथ बातें करती थी। इसी को लेकर मां बाप और मामा ने मिलकर उसकी हत्या करने की साजिश रची थी। बाद में 10 अक्टूबर की रात को लड़की अपने कमरे में सो रही थी तो पिता ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर गला घोट कर उसे अधमरा कर दिया। इसके बाद टांके में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने लड़की की मां और मामा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार लड़की का बाल विवाह हो रखा था, लेकिन लड़की उसे स्वीकार नहीं कर रही थी। वो गांव के किसी युवक से बातें करती थी। इसका पता उसके भाई को चला तो मां बाप ने उसे समझाया भी था, लेकिन लड़की नहीं मानी। एक दिन गांव के युवक के साथ लड़की बाइक पर बैठकर घर से बिना बताए चली गई थी। जब वापस लौटी तो उसके हाथ में स्मार्टफोन देखा इससे उसकी मां नाराज हो गई। फोन किसने दिया इसके बारे में पूछने पर लड़की ने कोई जवाब नहीं दिया। इसी बात के चलते लड़की की मां और पिता उसे मारने की साजिश रचने लगे उन्हें लगता था कि इस लड़की की वजह से उनकी बदनामी पूरे समाज में होगी।