स्कूल के पीछे निकला बड़ा मगरमच्छ, देख कर उड़े लोगों के होश

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच स्थित जीरन नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ज्ञान सरोवर स्कूल के पीछे शुक्रवार देर रात को एक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रेस्क्यू किया गया।

दरअसल, मगरमच्छ की जानकारी तब मिली जब जीरन नगर स्थित पुराने गंगारिया खरे के पास स्थित निजी स्कूल के पीछे रहने वाले सलीम मोहम्मद पिता चांद मोहम्मद घर के बाहर अपनी गायों को देखने के लिए निकले, तो उन्हें घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर कुछ हलचल दिखाई दी। जब उन्होंने कुछ नजदीक जाकर देखा तो उन्हें मगरमच्छ दिखाई दिया।
इसकी सूचना जीरन क्षेत्र के वन विभाग के डिप्टी रेंजर मांगीलाल मालवीय को दी। सूचना मिलते ही तत्काल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को रेस्क्यू किया। मगरमच्छ की लंबाई करीब 12 फीट और वजन करीब ढाई क्विंटल बताया जा रहा है। आशंका जताया जा रहा है कि मगरमच्छ हर्कियाखाल स्थित जाजू सागर बांध से नगर की तरफ आ गया होगा।