स्टोन क्रशर बंद होने से आपदा प्रभावितों के पुनर्वास में आ रही परेशानी: जयराम

शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में स्टोन क्रशर महीनों से बंद होने से आपदा प्रभावितों के पुनर्वास में परेशानी आ रही है। इसके अलावा सीमैंट और सरिया के दाम बढऩे के बावजूद इसकी उपलब्धता नहीं है। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि सरकार मनरेगा के तहत 1,000 करोड़ रुपए खर्च करने का दावा कर रही, लेकिन महीनों से जिला परिषद कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से कामकाज ठप्प पड़ा है। उन्होंने कहा कि आपदा में सरकार का रवैया बहुत निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि अब सर्दी का मौसम आने वाला है, लेकिन कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से कैसे कार्य सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के जन विरोधी कार्यों से आपदा प्रभावितों के जख्म हरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के कारण हजारों घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे में निर्माण सामग्री उपलब्ध नहीं होने से लोगों की समस्या बढ़ रही है।

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बिलाल अहमद शाह ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने हमेशा अल्पसंख्यकों का प्रयोग वोट के लिए किया है। उन्होंने अपनी नियुक्ति के बाद यहां कहा कि संगठन ने उनके ऊपर जो विश्वास जताया है, उसके ऊपर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में अल्पसंख्यक समुदाय को जोडऩे के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए वह पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के बीच जाकर कांग्रेस की गुमराह करने वाली नीतियों का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अल्पसंख्यकों के हितों का ध्यान रखा। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और संगठन महामंत्री सिद्धार्तन का आभार जताया।
हिमाचल प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। यह बात भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज ने मोर्चा के प्रदेश कार्यालय खुलने के अवसर आयोजित कार्यक्रम में कही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने चक्कर में मोर्चा कार्यालय का शुभारंभ शारदीय नवरात्रे के दूसरे दिन हवन करके किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डा. सिकंदर कुमार विशेष रूप में उपस्थित रहे। भाजयुमो अध्यक्ष तिलक राज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हर वर्ष 1 लाख और 5 वर्ष में 5 लाख नौकरियां देने का वायदा करने वाली कांग्रेस युवाओं से नौकरियां छीनने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज जहां देश में बेरोजगारी दर गिर रही है, वहीं हिमाचल में यह दर 14 फीसदी तक पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस ने छल, कपट, झूठ और फरेब से सरकार बनाई, जिसमें बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और आम जनता को ठगा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बेरोजगारी का झूठा झांसा देने के खिलाफ युवा मोर्चा पूरे प्रदेश में उग्र प्रदर्शन और जन आंदोलन करेगा।