पुलिस अधीक्षक ने बुजुर्गों और अनाथ बच्चों संग एन्ज्वॉय किया दिवाली

बलिया। दीपावली त्योहार की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक एस.आनन्द व अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी, सीडब्ल्यूसी के पूर्व अध्यक्ष प्रशान्त पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी सदर अशोक मिश्रा तथा थानाध्यक्ष फेफना रोहन राकेश सिंह शनिवार की शाम पहिया स्थित बालगृह/विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण सेन्टर पहुंचे। एसपी के साथ पहुंची पूरी पुलिस टीम वहां रहने वाले बच्चों के साथ उत्साहपूर्वक दीपावली सेलिब्रेट की। इस दौरान एसपी के साथ सभी पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को खूब दुलार दिया। बच्चों को अपनत्व का एहसास कराते हुए अधिकारियों ने उनके रहन-सहन के विषय में पूछताछ की।

बच्चों को मिष्ठान, फल, चॉक्लेट व फुलझड़ी वितरित कर सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी। अपने बीच अधिकारियों को पाकर बच्चों के चेहरे पर अनोखी मुस्कान दिखी। इससे इतर अन्य क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत अनाथ व बेसहारा बच्चों, बुजुर्गों तथा गरीब परिवारों के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया। सभी अधिकारियों द्वारा बच्चों व बुजुर्गों के बीच उपस्थित रहकर फल, मिठाईयां, पटाखें, मोमबत्ती आदि वितरित कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी। पुलिस की इस सहृदयता से बच्चे काफी प्रसन्न दिखे। वहीं, बेसहारा बुजुर्गों का ढ़ेरों आशीर्वाद पुलिस को प्राप्त हुआ।