बालिका गृह से फरार हुई किशोरियां, मचा हड़कंप

मुरादाबाद: मुरादाबाद में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोरा की मिलक में स्थित बालिका गृह से मंगलवार देर शाम तीन किशोरियां भाग निकलीं। बालिका गृह के कर्मचारियों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल करने के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बालिका गृह संचालिका और अधीक्षिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मोरा की मिलक में भारतीय उत्कृष्ट सेवा समिति द्वारा बालिका गृह का संचालन किया जा रहा है। बाल कल्याण समिति के आदेश पर इसमें मुरादाबाद के अलावा मंडल के अन्य जनपदों की भी किशोरियों को रखा जाता है। वर्तमान में करीब 40 किशोरियां इस बालिका गृह में हैं। बताया गया कि मंगलवार देर शाम इस बालिका गृह के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर तीन किशोरियां भाग निकली। भागने वाली किशोरियों में संभलके असमोली थाना क्षेत्र की15 वर्षीय,बनियाठेर की 12 वर्षीय के साथ ही मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी शामिल हैं।दो किशोरियां दो माह से बालिका गृह में थीं, जबकि एक किशोरी एक माह पहले आई थी। उसका बाल विवाह टास्क फोर्स ने रुकवा दिया था, बाद में किशोरी को सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे बालिका गृह में भेजा गया था।सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि डीपीओ की तहरीर पर बालिका गृह की संचालिकाआरती चौहान और अधीक्षक सुनीता चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।