
हुबली। कारसेवक श्रीकांत पुजारी को गिरफ्तारी के नौ दिन बाद शनिवार को कर्नाटक के हुबली शहर की जेल से रिहा कर दिया गया। हिंदू कार्यकर्ता उनकी रिहाई का जश्न मनाने के लिए जेल के बाहर बड़ी संख्या में जुटे रहे। हिंदू कार्यकर्ताओं ने श्रीकांत पुजारी के गले में मालाएं डाली और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। साथ ही उन्हें भगवान राम और देवी सीता की तस्वीर भी दी।

कारसेवक के स्वागत के लिए हुबली-धारवाड़ मध्य निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश तेंगिनाकाई, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के सदस्य और भाजपा पार्षद जेल के बाहर मौजूद थे। श्रीकांत पुजारी ने कहा कि वह अपनी गिरफ्तारी से विचलित नहीं हैं। वह राम मंदिर के उद्घाटन समारोह के जश्न में हिस्सा लेने के लिए 19 जनवरी को अयोध्या जाएंगे।
हुबली की एक अदालत ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान 31 साल पुराने एक मामले में श्रीकांत पुजारी को सशर्त जमानत दी। कर्नाटक भाजपा इकाई ने राज्य भर में विरोध प्रदर्शनों की एक सीरीज शुरू की थी। इसके अलावा श्रीकांत पुजारी की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए उन्हें जेल से तत्काल रिहा करने की मांग करते हुए अभियान शुरू किया था। कारसेवक श्रीकांत पुजारी की गिरफ्तारी के बाद कर्नाटक में कांग्रेस सरकार और विपक्षी भाजपा के बीच जुबानी जंग छिड़ गई थी।