पुतिन को लेकर सबसे बड़ा अपडेट, कार्डियक अरेस्ट के दावों पर रूस का आया बयान

मास्को: रूस ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेहत को लेकर उन अटकलों को खारिज किया है, जिनमें उन्हें बहुत बीमार बताया गया था। क्रेमलिन की ओर से मंगलवार को कहा गया कि वह फिट और ठीक हैं। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने उन दावों का भी खंडन किया, जिसमें कहा गया कि पुतिन बॉडी डबल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने इसे एकदम बेतुका बताया और धोखा करार दिया। दरअसल, एक रूसी टेलीग्राम चैनल ने सोर्स बताए बिना ही रिपोर्ट पोस्ट की थी, जिसे कुछ पश्चिमी मीडिया ने पब्लिश कर दिया। इसमें कहा गया कि रविवार शाम को राष्ट्रपति पुतिन की तबीयत काफी खराब हो गई थी।

टेलीग्राम चैनल ‘जनरल एसवीआर’ के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि व्लादिमीर पुतिन के सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें रात करीब 9 बजे अपने बेडरूम के फर्श पर गिरा हुआ पाया। रिपोर्ट में बताया गया, ‘रात करीब 21:05 बजे व्लादिमीर पुतिन के सुरक्षा अधिकारियों ने राष्ट्रपति के बेडरूम से शोर और गिरने की आवाज सुनी। 2 सुरक्षा अधिकारी तुरंत राष्ट्रपति के कमरे में गए। उन्होंने देखा कि पुतिन बिस्तर के बगल में फर्श पर गिरे हुए हैं। वहां पर खाने-पीने की चीजें उलटी हुई थीं।’
इसमें आगे बताया गया, ‘ऐसा हुआ होगा कि जब राष्ट्रपति गिरे तब उन्होंने मेज और बर्तनों को पकड़ने की कोशिश की। उनके हाथ से टच होकर ये फर्श पर गिर गए, जिससे बाहर तक आवाज गई। गिरने के बाद पुतिन फर्श पर ही लेटे रहे और अपनी आंखें घुमा रहे थे। कमरे में पहुंचने पर सुरक्षाकर्मियों ने यह देखा। उन्होंने आवास पर ड्यूटी के लिए मौजूद डॉक्टर्स को तुरंत इसकी सूचना दी। बगल के एक कमरे से वे तुरंत राष्ट्रपति के पास पहुंच गए और उनका इलाज शुरू किया।’
व्लादिमीर पुतिन बीते 7 अक्टूबर को 71 साल के हुए हैं। हाल ही में उन्होंने चीन का दौरा किया था और वापसी में 2 रूसी शहरों में भी रुके थे। राष्ट्रपति पुतिन की ओर से बॉडी डबल का इस्तेमाल करने के आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। साल 2020 में एक इंटरव्यू में पुतिन खुद इन अफवाहों का खंडन किया था। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि उन्हें सुरक्षा कारणों के चलते इसका उपयोग करने का सुझाव दिया गया था। इसी साल अप्रैल में क्रेमलिन का भी इसे लेकर बयान आया था। इसमें कहा गया कि बॉडी डबल्स की बात एक और झूठ है और व्लादिमीर पुतिन पूरी तरह से स्वस्थ हैं।