सीआरपीएफ के पूर्व सिपाही गिरफ्तार, खुद को DSP बताकर इस वारदात को दे रहा रहा अंजाम

बिहार।दानापुर पुलिस ने दारोगा में भर्ती कराने के नाम पर एक युवक से लाखों की ठगी में सीआरपीएफ के एक पूर्व सिपाही को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान राज कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह लोगों को खुद को निगरानी का डीएसपी बताता था। नौकरी का झांसा देकर आरोपित ने दानापुर निवासी युवक से करीब नौ लाख ठग लिए थे। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर अन्य मामले में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

सभापति सिंह दानापुर के झखड़ी महादेव में रहते हैं। उनकी मुलाकात राज कुमार सिंह से हुई थी। उसने खुद का परिचय निगरानी के डीएसपी के तौर पर दी थी। आरोपित ने बताया था कि वह मुजफ्फरपुर में तैनात है। पुलिस महकमे में उसकी अच्छी पैठ है। उसने सभापति सिंह को झांसा दिया कि वह उनके बेटे को दारोगा की नौकरी लगवा देगा। नौकरी के नाम पर उसने पीड़ित से आठ लाख अस्सी हजार पांच सौ सड़सठ रुपये ले लिए थे। रुपये लेने के बावजूद पीड़ित के बेटे की नौकरी नहीं लगी। जिसके बाद सभापति सिंह ने बीते महीने ठगी की शिकायत दानापुर थाने में की थी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस राज कुमार की तलाश कर रही थी। दानापुर में होने की जानकारी मिलने के बाद राज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि आरोपित के आधार कार्ड पर नाम सुनील कुमार सिंह और स्थाई पता झारखंड जबकि वर्तमान पता इन्द्रपस्त कॉलोनी पूर्वी गोला रोड दानापुर दर्ज है। जबकि राज कुमार मूलरूप से छपरा के कोपा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह सीआरपीएफ में सिपाही था। वर्ष 1997 में उसने नौकरी छोड़ दी थी।