भाई दूज के दिन 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म, दुकान से सामान लेने निकली थी

आगरा: आगरा के एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र में भाईदूज के दिन बुधवार को 11 वर्षीय बालिका हैवानियत का शिकार हो गई। बालिका घर के पास दुकान से सामान लेने जा रही थी। रास्ते में एक युवक मिला। उसे घसीटकर निर्माणाधीन मकान में ले गया। उसके साथ दुराचार किया। लहूलुहान हालत में बालिका घर लौटी। बेटी की हालत देखकर परिजन सहम गए। बालिका का एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। आरोपित पकड़ गया है।

घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। बालिका की मां को भाई दूज पर अपने मायके जाना था। कोई सामान चाहिए था। बेटी से कहा। बेटी घर से 100 मीटर दूर स्थित दुकान पर जा रही थी। रास्ते में प्रवीन निषाद मिला। उसे घसीटकर एक निर्माणाधीन घर में ले गया। वहां एक तख्त पड़ा था। बालिका के साथ दुराचार किया। बालिका घर लौटी तो उसके पकड़े खून से सने थे। यह देख परिजन घबरा गए। बेटी ने घरवालों को घटना बताई। वह बेहोश हो गई। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। बेटी को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर गए।
एसीपी छत्ता आरके सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुराचार और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपित को गुरुवार को दबोच लिया गया। आरोपित विवाहित है। अपने जीजा के घर रहता है। उसके खिलाफ पुलिस के पास कई ठोस साक्ष्य हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही बालिका के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
महिला शांति सेना की अध्यक्ष वत्सला प्रभाकर के नेतृत्व में महिलाओं का एक दल पीड़िता से मिलने एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचा। बालिका का हाल जाना। उसके परिजनों को हिम्मत दी। कहा कि इलाज में कोई दिक्कत या परेशानी होने पर बताएं। उनकी संस्था हर संभव मदद करेगी। वे हिम्मत रखें। किसी से डरने की जरूरत नहीं है। आरोपित को सख्त से सख्त सजा की मांग की जाएगी।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है। आरोपित गिरफ्तार है। उसके खिलाफ दस दिन में चार्जशीट पेश की जाएगी। पॉक्सो कोर्ट में इस मुकदमे में ठोस पैरवी करके जल्द से जल्द आरोपित को कठोर सजा कराई जाएगी। मुकदमा सजा के लिए चिन्हित किया गया है।