IAS अवनीश शरण ने नृत्य के जरिए दिया मतदाता जागरूकता का संदेश

बिलासपुर। बैगा जनजाति के साथ पारंपरिक लोकनृत्य हुडक़ा-हुडक़ी करके कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण ने शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। कार्यक्रम में कलेक्टर ने स्थानीय बोली में सभी को मतदाता शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बुजुर्ग व युवा वोटरों का सम्मान किया गया। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत व सीईओ जिला पंचायत एवं स्वीप के नोडल अधिकारी अजय अग्रवाल भी मौजूद थे। कार्यक्रम में 32 पंचायतों के 43 गांवों से पहुंचे बैगा विशेष पिछड़ी जनजाति के लगभग 1500 महिला-पुरुषों ने संयुक्त रूप नृत्य कर समां बांध दिया। यहां के कॉलेज मैदान को पूरी तरह से जनजातीय परिवेश में सजाया गया था। यह नृत्य इस जनजाति द्वारा त्यौहार, जन्म, उत्सव और फसलों के मौसम में किया जाता है। यह नृत्य लोगों की बीच एकजुटता की भावना पैदा करता है।

उन्होंने अपने पारंपरिक रीति-रिवाजों से बांस की टोपी एवं महुए के हार से कलेक्टर एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कलेक्टर ने भी इस जगह से जुड़े अपने संस्मरण सुनाए। कलेक्टर ने स्थानीय बोली में ही सभी को मतदाता शपथ दिलाई। शरण ने ब्लॉक मुख्यालय कोटा में आयोजित मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान कर्मियों के डाक मतदान के लिए निर्मित सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी डाक मतदान का उपयोग कर रहे हैं।