
मुंबई : फैंस को ‘फाइटर’ फिल्म में एक्टर ऋतिक रोशन और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की कैमेस्ट्री खूब पसंद आ रही है। फिल्म ने चौथे दिन ही 100 करोड़ के एलीट क्लब में एंट्री मार ली। मूवी बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है और लगातार बढ़िया कलेक्शन कर रही है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक गुरुवार (25 जनवरी) को रिलीज हुई फिल्म ने पहले दिन 22.50 करोड़ का कारोबार किया।

इसने शुक्रवार को 39.50 करोड़ की कमाई की और शनिवार को 27.50 करोड़ रुपए अपनी झोली में डाले। बात रविवार (28 जनवरी) की करें तो यह 28.50 करोड़ रुपए कमाने में सफल रही। इसके साथ ही इसकी भारत में कुल कमाई 118 करोड़ रुपए हो चुकी है। फिल्म का बजट करीब 200 करोड़ रुपए बताया जा रहा है और सभी के अभिनय की काफी तारीफ हो रही है। इसमें ऋतिक और दीपिका ने पहली बार साथ काम किया है।
अनिल कपूर, करण सिंह ग्रोवर, अक्षय ओबेरॉय, संजीदा शेख, तलत अजीज, संजीव जायसवाल, ऋषभ साहनी और आशुतोष राणा के भी अहम रोल हैं। ऋषभ ने विलेन का किरदार निभाया है। उन्होंने अपने खूंखार अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में पहला कदम रखा है। डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के हवाई एक्शन ड्रामा की सोशल मीडिया पर भी जमकर प्रशंसा हो रही है। ‘बैंग बैंग’ और ‘वॉर’ के बाद यह ऋतिक और सिद्धार्थ के बीच तीसरा सहयोग है।