ये कैसा प्यार: जब एक सिरफिरा बना कातिल, चलती बाइक पर युवती के गर्दन पर वार

कानपुर: यूपी के कानपुर में जबरन शादी के लिए पीछे पड़े एक सिरफिरे ने हाइवे पर चलती बाइक पर पीछे बैठी लड़की की गर्दन पर कुल्हाड़ी और चाकू से वार कर उसकी जान ले। इस वारदात में बाइक चला रहे लड़की के जीजा भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। लड़की की हत्या के बाद सिरफिरे में खुद भी जहर खा लिया है। घटना कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में अलीगढ़ हाईवे पर पूरा गांव के पास की है।

लड़की अपने जीजा के साथ बाइक पर जा रही थी। अचानक हुए हमले की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके चलते बाइक चला रहे लड़की के जीजा भी घायल हो गए। जिस युवक पर हमला करने का आरोप है उसने जहर खा लिया है। पुलिस उसे नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई जहां से डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने लड़की का शव मॉर्च्यूरी में भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसर कानपुर के गदनपुर आहार गांव बिल्हौर की शन्नो (उम्र 20 वर्ष) रविवार की सुबह लगभग आठ बजे अपने जीजा सनोज कुमार के साथ बाइक पर बैठकर धमनी निवादा शिवराजपुर जा रही थी। शन्नो की बहन की तबियत खराब है। जीजा उसे बहन से मिलाने ही ले जा रहा था। हाईवे स्थित पूरा गांव के पास पीछे से वहीं का निवासी सुरेश कश्यप (उम्र 25 वर्ष) बाइक पर आया।
उसने चलती बाइक पर ही कुल्हाड़ी और चाकू से शन्नो की गर्दन पर वार कर दिया। वार इतना तगड़ा था कि शन्नो की गर्दन एक ओर लटक गई। घटना को अंजाम देने के बाद सुरेश मौके से फरार हो गया। इधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरेश की खोजबीन शुरू की तो पूरा गांव के जंगलों में वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके बगल में जहर की शीशी मौजूद थी। उसने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया था।
शन्नो के पिता लवकुश और मां सुशीला ने बताया कि आरोपित सुरेश बेटी को काफी समय से परेशान कर रहा था। वह उस पर शादी का दबाव बना रहा था। जबकि शन्नो की शादी हरदोई में तय कर दी गई थी। इसी को लेकर सुरेश उससे खुन्नस मानने लगा था। इसके बाद उसने घटना को अंजाम दे दिया। इंस्पेक्टर बिल्हौर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि चाकू और कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है।
आरोपित अकेले आया था कि कोई और भी उसके साथ था इसका पता किया जा रहा है। परिवार वालों से तहरीर देने के लिए कहा गया है। आरोपित को इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भेजा गया है। उसके ठीक होने के बाद घटना को लेकर पूछताछ की जाएगी।