स्कूल जा रहे 19 छात्रों को रंगडों ने काटा, गगरेट-ऊना-कांगड़ा के करियाड़ा में राहगीरों को भी बनाया निशाना

हिमाचल | उपमंडल गगरेट में सोमवार सुबह तेज हवाओं से आक्रामक हुए रंगडों ने कलोह स्कूल के दस विद्यार्थियों को काट खाया, तो ग्राम पंचायत संघनई में भी दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया। इन सभी को तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने की बाद उनके स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें भेज दिया गया। सोमवार सुबह मौसम के मिजाज जैसे ही बदले वैसे ही तेज हवाएं चलने लगी। इसी बीच कलोह बेली में एक पेड़ की टहनी पर बना रंगडों का घर टूटने से रंगड आक्रामक होकर राहगीरों पर टूट पड़े लगे। खंड स्वास्थ्य अधिकारी डा. पंकज पराशर ने बताया कि रंगडों के काटने से घायल हुए विद्यार्थी व महिलाएं खतरे से बाहर है।

ऊना में हमले से तीन बच्चे घायल
ऊना। ऊना क्षेत्र के तहत श्री गुरु पब्लिक स्कूल टक्का के बच्चों पर रंगडों ने हमला बोल बुरी तरह से घायल कर दिया। रंगडों के हमले से तीन बच्चे दो छात्राएं व एक छात्र घायल हुए है, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया। सोमवार सुबह बच्चे स्कूल जा रहे थे कि रंगडों ने अचानक धावा बोल दिया। सीएमओ डा. एसके वर्मा ने बताया कि रंगडों के काटने से तीन स्कूली बच्चे घायल हुए है।
कालेज जा रही छह छात्राओं को मारा डंक
स्टाफ रिपोर्टर-गरली
निचला करियाड़ा में सोमवार सुबह कालेज जा रही छह छात्राओं व राहगीरों पर रंगडों ने हमला कर दिया। रंगडों के काटने से निचला करियाडा की दीक्षा पुत्री राजेश कुमार, पायल पुत्री जीत सिंह व बिंदू पुत्री सुरेश कुमार को निजी क्लीनिक में उपचार के बाद इनकी गंभीर हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल देहरा ले जाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार सुबह अचानक आए तूफान से निचला करियाडा में रंगडों का छत्ता टूट कर सडक़ पर आ गिरा।