आदर्श नगर सीट पर सबसे ज्यादा 26 ट्रांसजेंडर वोट करेंगे

जयपुर: प्रदेश में 25 नवंबर को विधानसभा के लिए मतदान होगा। इस बार 52538655 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 27358627 पुरुष और 25179422 महिला मतदाता हैं। मतदाताओं की इस संख्या में ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या महज 606 है। इसमें भी प्रदेश में 36 विधानसभा सीट ऐसी हैं, जहां एक भी ट्रांसजेडर मतदाता नहीं है।

इस बार 14 सीट ऐसी हैं, जहां इन मतदाताओं की संख्या दो अंकों में है। सबसे अधिक 26 ट्रांसजेंडर मतदाता जयपुर जिले की आदर्श नगर विधानसभा सीट पर है। दूसरा नंबर सरदारपुरा का है। यहां 21 मतदाता हैं। जयपुर जिले की 19 सीटों पर 78 मतदाता ट्रांसजेंडर हैँ। चुनाव आयोग में जयपुर जिले की ट्रांसजेंडर डिस्ट्रिक्ट आइकन और समाज सेविका नूर शेखावत का कहना है कि सरकार को इस मामले पर जागरूकता अभियान चलाना चाहिए और मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने के फायदे भी बताएं, ताकि अधिक से अधिक ट्रांसजेंडर के नाम मतदाता सूचियों में आ सके। साथ ही सरकार को डॉक्यूमेंट बनाने की प्रक्रिया का भी सरलीकरण करना चाहिए।