गर्म कपड़े निकालने का टाइम आ गया, ठंड को लेकर आया मौसम विभाग का अलर्ट

नई दिल्ली: दिल्ली और बिहार से लेकर पहाड़ी इलाकों तक मौसम कि मिजाज बदल गया है। पारा लगातार नीचे आ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश से ठंड में इजाफा होगा तो वहीं लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 नवंबर तक देश के बड़े हिस्से में बारिश हो सकती है। इसमें गोवा, कोंकड़, मध्य महाराष्ट्र, अंडमान निकोबार, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश शामिल है।

मौसम विभाग ने मारठवाड़ा में 26 से 28 नवंबर और गुजरात में 26 नवंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक 24 घंटे के अंदर दक्षिणी राजस्थान और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राजस्थान और महाराष्ट्र के कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत में सर्द हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में और पारा लुढ़केगा। वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और आंधी का अलर्ट भी जारी किया है।
स्काइमेट वेदर की मानें तो अगले 24 घंटे में केरल, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। यूपी की बात करें तो यहां पछुआ हवा का प्रभाव कम होने की वजह से ठंड बढ़ेगी। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 नवंबर को बारिश हो सकती है। बारिश के बाद पारा और ज्यादा गिरेगा। पश्चिमी यूपी में अगर बारिश होती है तो इसका असर राज्य के बाकी हिस्सों में भी दिखाई देगा।
दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से कम दबाव का क्षेतर भी बन सकता है। बता दें कि तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई। मुंबई में भी कई जगहों पर मध्यम बारिश हुई अब अगले 24 घंटे में लक्षद्वीप, दक्षिणी कर्नाटक, दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिणी गुजरात में बारिश संभव है।