अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर

मोगा। मोगा-लुधियाना रोड़ पर गांव मटवानी के पास देर रात ई-रिक्शा और अज्ञात वाहन के बीच हुई जबरदस्त टक्कर होने की सूचना प्राप्त हुई। इस हादसे में जग्गा सिंह (47) निवासी लाल सिंह रोड मोगा की मौत हो जाने का पता लगा है। इस संबंध में थाना अजीतवाल पुलिस द्वारा मृतक के भाई लखवीर सिंह के बयानों पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार फेली सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में लखवीर सिंह ने कहा है कि उसका भाई जग्गा सिंह और नंदू सिंह निवासी चौक सेखा ई-रिक्शा पर सवार होकर मोगा आ रहे थे तो गांव मतवाणी के पास अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे उनके भाई जग्गा सिंह और नंदू सिंह घायल हो गए। जग्गा सिंह को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज फरीदकोट में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सहायक थानेदार फेली सिंह ने कहा कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया गया है।
