अवैध धंधे पर बड़ा प्रहार: 810 किलो गांजा बरामद, 2 गिरफ्तार

इनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया. यह ट्रेलर रांची की ओर जा रहा था. बताया गया कि जिले के एसपी डॉ. विमल कुमार को नशे की बड़ी खेप ले जाए जाने के बारे में सूचना मिली थी.

रांची: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले की ईचागढ़ थाना पुलिस ने एक ट्रेलर से ले जाया जा रहा 810 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें यूपी के बरेली निवासी वाहिद खान और धनबाद के झरिया निवासी करण कुमार गुप्ता शामिल हैं।
इनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। यह ट्रेलर रांची की ओर जा रहा था। बताया गया कि जिले के एसपी डॉ. विमल कुमार को नशे की बड़ी खेप ले जाए जाने के बारे में सूचना मिली थी। उन्होंने एसडीपीओ संजय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर रोड पर तैनात किया।
इसी दौरान चौका नामक जगह पर ट्रेलर को रोका गया। उस पर अलग-अलग पैकेट में छिपाकर आठ क्विंटल गांजा रखा था। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
स्कूटी से गांजा तस्करी कर रहा था दारोगा
यूपी के गोरखपुर में एक दारोगा अपने साथी संग गांजा तस्करी करते हुए पकड़ा गया है। उसके पास से शाहपुर पुलिस ने 33 किलो अवैध गांजा भी बरामद किया है। दारोगा अपने साथी संग नेपाल से गांजा मंगवाकर उसे यहां तस्करों को सप्लाई करता था। पकड़ा गया आरोपी दारोगा रवींद्र कुमार शुक्ला लखनऊ का रहने वाला है और वो गोरखपुर में समन सेल में तैनात था।
इससे पहले आरोपी दारोगा महाराजगंज जिले में भी तैनात रह चुका है। जबकि, उसका साथी कुलवीर सिंह तिवारीपुर इलाके के सूरजकुंड कॉलोनी का रहने वाला है। दारोगा अपने साथी के साथ एक अटैची और एक पिट्ठू बैग में चरस/गांजा भरकर स्कूटी से सप्लाई करने जा रहा था। तभी असुरन पुल से नीचे उतरते ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि यह लोग नेपाल से तस्करी करते हैं और काफी दिनों से इस धंधे में लिप्त हैं। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया आगे की कार्रवाई की जा रही है।