सुधीर शर्मा की एक्यूरेसी

By: divyahimachal  

सत्ता के दिन और महीने यूं ही गुजर जाएंगे, याद तब आएगी जब सरोकार डूब जाएंगे। कांग्रेस सरकार लगभग अपने एक साल पूरा होने की कोशिश में न जाने कितने किले बना चुकी है और यह यथार्थ भी है कि आगामी लोकसभा चुनाव सत्ता के दामन से गुजरेंगे। बहरहाल नरवाणा में प्री.वल्र्ड एक्यूरेसी प्रतियोगिता में पैराग्लाइडिंग उड़ान भर रही है, तो सियासत के पंख भी उड़ रहे हैं क्योंकि जिक्र उस विधायक का होने लगा जो कभी पहले वीरभद्र सरकार का अहम किरदार और सशक्त मंत्री रहा है। धर्मशाला से पहले बैजनाथ के विधायक रहे सुधीर शर्मा अपने विजन की बदौलत जाने गए हैं। आज बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग की ग्लोबल पहचान है तो यह इस विधायक की दूरदृष्टि का परिणाम है। पर्यटन आर्थिकी का यह प्रयोग अब बीड़-बिलिंग से उतर कर नरवाणा का स्पर्श कर रहा है, तो इसे क्यों न सुधीर शर्मा की विजन एक्यूरेसी माना जाए। कुछ माह की मेहनत ने नरवाणा को पैराग्लाइडिंग की जन्नत बना दिया, तो यह खोज हर विधानसभा क्षेत्र के विविध पहलुओं से तसदीक हो सकती है। दिव्य हिमाचल पिछले दो दशकों से हिमाचल को पर्यटन राज्य के तौर पर मुकम्मल करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक टूरिस्ट विलेज के विकास की राय दे रहा है। ये पर्यटक गांव विभिन्न विभागीय गतिविधियों के दायित्व में कहीं वनसंपदा के साथ ईको टूरिज्म, कहीं मंदिर-गुरुद्वारे के साथ धार्मिक पर्यटन, कहीं ट्रैकिंग या वाटर स्पोट्र्स के साथ साहसिक पर्यटन, कहीं खेतीबाड़ी-बागबानी के साथ एग्रो टूरिज्म, कहीं कला-संस्कृति के साथ कला पर्यटन, कहीं हाई-वे टूरिज्म तो कहीं हाट बाजार की शक्ल में 68 पर्यटक गांव विकसित करके ग्रामीण आर्थिकी का सहारा बन सकते हैं। हमारी खड्डें अगर जलापूर्ति-सिंचाई के साथ-साथ बाढ़ नियंत्रण तथा लघु बांध परियोजनाओं के साथ तटीकरण का स्थायी ढांचा विकसित करें, तो यही पानी पर्यटन को अमृत बना देगा। नौकाविहार से कैनोइंग तक के मनोरंजन के साथ क्षेत्र को पर्यटक गांव बना सकता है।

बहरहाल यहां यही जिक्र सुधीर शर्मा के सरोकारों से जुड़ता है। होती होगी सियासत, वरना इस विधायक की वरिष्ठता प्रदेश मंत्रिमंडल में नजर आती। हो सकता है सुधीर आगे भी विधायक ही बने रहें, लेकिन बतौर विधायक उन्हें जनता के ताज को अपने प्रदर्शन का सिंहासन सौंपना होगा। राजनीतिक नेतृत्व से हट कर भी लोग सामाजिक नेतृत्व में अपने इरादों को परवान चढ़ाते रहे हैं। इस विधायक की खूबी विकासात्मक नजरिए के कारण अगर आज नरवाणा को चमका रही है, तो कभी सुधीर ने चामुंडा-मकलोडगंज और एयरपोर्ट के नेटवर्क में स्काई बस का खाका बुना था और रज्जु मार्ग से मकलोडगंज को जोड़ा था। आश्चर्य यह कि सात साल पहले बन गए प्रदेश के पहले ट्यूलिप गार्डन में पिछली सरकार ने ऐसे कांटे बोए कि आज भी वहां भुतहा माहौल है। नरघोटा में सेटेलाइट टाउन की निशानदेही राजनीतिक कारणों से उजड़ गई और जदरांगल में केंद्रीय विश्वविद्यालय की नींव नीलाम होने लगी है। पिछले कुछ महीने पहले आई तमाम अनापत्तियों और स्वीकृतियों के बावजूद सरकार अगर तीस करोड़ जमा कराने में भी अक्षम है, तो नरवाणा के पंछी जदरांगल तक के मौसम की खबर जान सकते हैं। वाकई कितनी घृणित होती है सियासत जो एकतरफा होने के लिए तर्क ढूंढ लेती है। उदाहरण के लिए वनखंडी का चिडिय़ाघर अगर उपयुक्त स्थल है, तो इसकी वजह पौंग वेटलैंड की समीपता के दायरे भी हैं। पौंग वेटलैंड के बीचोंबीच केंद्रीय विश्वविद्यालय का देहरा परिसर शायद प्रवासी पक्षियों की भाषा बदल दे, लेकिन जदरांगल को नजरअंदाज करके कांग्रेस सरकार अनुराग ठाकुर के सपने को ही पूरा कर रही है। खैर यह हिमाचल का सियासी नजरिया है जो कांगड़ा से नेतृत्व को पनपने नहीं देता। आखिर में वीरभद्र सिंह भी संभले तो तपोवन में विधानसभा परिसर, शीतकालीन सत्र और शीतकालीन प्रवास के बाद धर्मशाला शीत कालीन राजधानी बन गई, लेकिन अब कांग्रेस सरकार का नया दौर यानी परिवर्तन का दौर है। ऐसे में कांगड़ा के चाहे बीड़-बिलिंग या नरवाणा से सियासी पैराग्लाइडिंग हो, एक्यूरेसी तो आनी ही चाहिए। हम खेल को राजनीति से अलहदा रखकर नरवाणा में युवा उमंगों को उत्साहित होता देखना चाहते हैं, लेकिन ऐसे नेताओं को हाशियों से बाहर करके पार्टियों का उत्थान भी तो संभव नहीं। कुछ महीनों बाद राजनीति का एक बड़ा खेल लोकसभा चुनाव भी खेलेंगे, तब जनता को आश्वासन देने के लिए कर्मठ विधायक व मंत्री चाहिए। क्या कांगड़ा से भाजपा या कांग्रेस के लिए नए उम्मीदवार चुनना आसान होगा। बहरहाल सुधीर शर्मा ने अपने असंतोष की चुप्पी तोड़ कर नरवाणा की उड़ान भरी है। सियासत और जनता कुछ भी कहे, युवाओं, बुद्धिजीवियों और हिमाचली हितों के हितैषी जरूर उनकी मौके के लिए एक्यूरेसी की तारीफ ही करेंगे।


R.O. No.12702/2
DPR ADs

Back to top button
रुपाली गांगुली ने करवाया फोटोशूट सुरभि चंदना ने करवाया बोल्ड फोटोशूट मौनी रॉय ने बोल्डनेस का तड़का लगाया चांदनी भगवानानी ने किलर पोज दिए क्रॉप में दिखीं मदालसा शर्मा टॉपलेस होकर दिए बोल्ड पोज जहान्वी कपूर का हॉट लुक नरगिस फाखरी का रॉयल लुक निधि शाह का दिखा ग्लैमर लुक