राउज ऐवेन्यू कोर्ट ने AAP सांसद संजय सिंह को 10 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को एक बार फिर जेल भेज दिया गया है। राउज ऐवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 10 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, कोर्ट की नसीहत के बावजूद एक बार फिर उन्होंने पेशी के दौरान राजनीतिक टिप्पणी की और ‘सत्ता’ से संघर्ष का ऐलान किया। कोर्ट ने पेशी के दौरान मीडिया से बातचीत नहीं करने को कहा था।

संजय सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद शुक्रवार को ईडी ने राउज ऐवेन्यू कोर्ट में पेश किया। कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट पहुंचे संजय सिंह ने लॉबी में मीडिया कैमरों की ओर देखते हुए टिप्पणी की और कहा, ‘सत्ता से संघर्ष जारी रहेगा।’ पिछली सुनवाई के दौरान भी संजय सिंह ने पीएम मोदी को लेकर टिप्पणी की थी।
10 अक्टूबर को भी पेशी के दौरान संजय सिंह ने पीएम मोदी को लेकर टिप्पणी की थी। ईडी की ओर से इस बात को उठाने के बाद कोर्ट ने संजय सिंह को नसीहत दी थी कि वह पेशी के दौरान मीडिया से बात ना करें क्योंकि इससे सुरक्षा में समस्या पैदा होती है। कोर्ट ने मीडिया से भी कहा था कि उनसे सवाल ना किए जाएं।
संजय सिंह को 4 अक्टूबर को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनके घर पर 10 घंटे से अधिक छापेमारी के बाद राज्यसभा सांसद को गिरफ्तार किया गया था। ईडी का आरोप है कि शराब घोटाले में संजय सिंह की भी अहम भूमिका है। हालांकि, आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार आरोपों को सिरे से खारिज करती रही है।
#UPDATE | Delhi’s Rouse Avenue Court sends Aam Aadmi Party (AAP) leader Sanjay Singh to further judicial custody till November 10, 2023.
— ANI (@ANI) October 27, 2023