मनाली-लेह सहित ग्रांफू-काजा मार्ग और शिंकुला दर्रा यातायात के लिए बंद

शिमला। यैलो अलर्ट के बीच में हिमाचल के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात हुआ जबकि मध्य व मैदानी इलाकों में वर्षा होने से तापमान में खासी गिरावट आई है। अटल टनल रोहतांग, कोकसर, गोंदला, व लाहौल घाटी में ताजा हिमपात हुआ है जबकि राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से अटल टनल रोहतांग समेत लाहौल घाटी में ताजा बर्फबारी हुई है। मनाली-लेह साथ ग्रांफू-काजा मार्ग और शिंकुला दर्रा भी यातायात के लिए बंद हो गया है। रोहतांग दर्रा, कोकसर और सिस्सू में हिमपात हुआ। ताजा बर्फबारी और वर्षा होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार जहां पिछले 24 घंटों में कोकसर में 9, गोंदला में 4 सैंटीमीटर बर्फबारी हुई है, वहीं शुक्रवार को राजधानी शिमला में 10, सुंदरनगर में 11, भुंतर में 2, ऊना में 17, सोलन में 4, मनाली में 6, कांगड़ा में 20.4, मंडी में 4, डल्हौजी में 41, कुफरी में 8.5, सेऊबाग में 3, बरठी में 21.5 मिलीमीटर वर्षा रिकाॅर्ड की गई है। मौसम को देखते हुए पर्यटकों व आम लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमपात व वर्षा का क्रम शनिवार को भी रहने की संभावनाएं हैं। हालांकि किसी भी प्रकार का अलर्ट नहीं है, अपितु मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हिमपात व वर्षा होने की संभावनाएं हैं। 12 नवम्बर से लेकर 16 नवम्बर तक मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क रहेगा।