कांग्रेस ने स्व. भंवरलाल शर्मा के बेटे को बनाया प्रत्याशी

चूरू: कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी दूसरी सूची रविवार को जारी कर दी है। सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने एक बार फिर विधायक अनिल शर्मा को मौका दिया है। शर्मा कांग्रेस पार्टी में पीसीसी सदस्य भी हैं। ये पूर्व मंत्री स्व. पंडित भंवरलाल शर्मा के बड़े बेटे हैं। उनके निधन के बाद यहां हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने अनिल शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया। उनके सामने भाजपा के पूर्व विधायक अशोक पींचा थे। उपचुनाव में शर्मा ने 26852 वोटो से जीत दर्ज की।

1995 में लड़ा पार्षद का चुनाव
अनिल शर्मा ने पहला चुनाव 1995 में वार्ड पार्षद का लड़ा था। इसके बाद वे 2000 तक नगरपालिका के अध्यक्ष रहे। फरवरी 2022 से नवंबर 2022 तक ईडब्लूडीएस के चेयरमैन रहे। दिसंबर 2022 में उप चुनाव के दौरान विधायक चुने गए।
भाजपा आज तक केवल दो बार जीती
सरदारशहर विधानसभा सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। इस सीट पर भाजपा आज तक केवल दो बार 2008 और 1980 में जीती है। स्व. भंवरलाल शर्मा यहां से कद्दावर नेता रहे। 1985 में वे यहां से पहली बार मैदान में उतरे। इसके बाद 2018 तक ऐसा कोई चुनाव नहीं गया, जिसमें वे मैदान में नहीं रहे। वे ऐसे प्रत्याशी भी रहे, जिन्होंने एलकेडी, जेडी, भाजपा और कांग्रेस हर पार्टी से चुनाव लड़ा।