उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया बाबा केदारनाथ का दर्शन

नई दिल्ली: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। उप राष्ट्रपति ने बाबा केदारनाथ का रूद्राभिषेक एवं जलाभिषेक कर की देश की खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल ले.जन. (से.नि.) गुरमीत सिंह भी उनके साथ रहे।

राज्यपाल ने उन्हें केदार पुरी में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। केदारनाथ भ्रमण पर उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करीब सवा 9 बजे वायु सेना के हेलीकॉप्टर से वीआईपी हैलीपैड़ पर पहुचें। यहां राज्यपाल व जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार ने उनका स्वागत किया। मंदिर के समीप केदार सभा, मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहित समाज ने परंपरागत मंत्रोच्चारण एवं रूद्राक्ष की माला पहनाई। साथ ही बाबा केदारनाथ का वस्त्र बाघंबर ओढ़ा कर उनका सम्मान किया।
इसके बाद उन्होंने मंदिर में प्रवेश कर सपत्नी बाबा केदारनाथ का रूद्राभिषेक व जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना कर देश के उत्थान एवं जन कल्याण की कामना की। करीब 30 मिनट की पूजा अर्चना कर उन्होंने बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद राज्यपाल ले.जन. (से.नि.) गुरमीत सिंह ने उन्हें केदारपुरी में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर उप राष्ट्रपति ने कहा कि बाबा केदारनाथ धाम में अपार शांति का अनुभव हो रहा है। यहां के व्यंगम दृश्य मंत्रमुग्ध करने वाले हैं।
उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का अभिवादन किया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा धाम में कठिन परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।
जय श्री केदार!
गढ़वाल हिमालय की गोद में, मंदाकिनी के तट पर केदारनाथ धाम में सदाशिव के दर्शन कर मन अभिभूत हो गया!
केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण से मंदिर परिसर की सुगम्यता और सुंदरता में हुई वृद्धि सराहनीय है।
भक्तहितकारी और दया के सागर शिव सभी देशवासियों को सुख और समृद्धि प्रदान… pic.twitter.com/gPuSomANYQ
— Vice President of India (@VPIndia) October 27, 2023