जयराम में नहीं पी.एम. से विशेष राहत पैकेज मांगने की हिम्मत: सुखविंदर सुक्खू

मंडी। जयराम ठाकुर थोड़ी शर्म है तो भाजपा विधायकों को साथ लेकर पी.एम. से हिमाचल प्रदेश के लिए राहत पैकेज लाकर तो दिखाओ, लेकिन उनके पास इतनी हिम्मत नहीं है कि दिल्ली जाकर राहत पैकेज लेकर आएं। सोमवार को मंडी के पड्डल मैदान में प्राकृतिक आपदा प्रभावितों को राहत राशि वितरित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मांग की गई और राहत पैकेज 2 बार मांगा, लेकिन आज दिन तक केंद्र सरकार ने कुछ भी नहीं दिया। सी.एम. ने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस वक्त इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी से गुजर रहा है और आपदा की इस चुनौती से युद्ध की तरह लड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने हिमाचल के प्रत्येक व्यक्ति को कर्जदार बना दिया है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र विशेष मुख्यमंत्री नहीं बनते, जयराम ठाकुर कोई एक काम बता दें जो उन्होंने मंडी के लिए किया हो। जयराम ने मंडी के बजाय सराज का विकास किया है, जो भवन जिला मुख्यालय में बनने चाहिए थे उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में खोल दिया। उन्होंने कहा कि मंडी के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। सुक्खू ने कहा कि भाजपा के एक विधायक कह रहे थे कि लोगों को टैंट नहीं मिल रहे हंै और विधायक अधिकारियों और कर्मचारियों को डराते रहे। क्या वे विधायक इतने सक्षम नहीं थे कि खुद टैंट खरीद कर प्रभावितों को दे सकते थे, लेकिन उन्होंने यह नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में राजनीति करने नहीं आए हैं, राजनीति में गरीब के साथ खड़े होने के लिए आए है। सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार तो इतनी निकम्मी थी कि स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड की 315 करोड़ रुपए की किस्त भी केंद्र से नहीं ले पाई। महालेखाकार के छोटे-मोटे ऑब्जैक्शन को भी पूर्व सरकार नहीं हटवा पाई और हमने उनकी आपत्तियों को दूर किया, अब हमें 190 करोड़ रुपए उसमें से मिल चुके हैं।