मंडल अध्यक्ष पर हुआ हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान | भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष गैंदीलाल मीणा पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गैंदी लाल भाजपा विधायक प्रत्याशी के प्रचार के लिए रविवार 11 बजे कार्यकर्ता के साथ बैठक आयोजित करने के लिए पाटन से बड़वा जा रहे थे।

पाटन बांध के पास 20 से 25 लोगों ने मंडल अध्यक्ष की गाड़ी रुकवा कर हमला कर दिया। हमले में मंडल अध्यक्ष के चेहरे व सिर पर गहरी चोटें आई व कार को भी धार धार हथियारों से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा 8 घंटे तक गोठड़ा पाटन रोड जाम कर दिया और अपराधियों को 24 घंटे में पकड़ने के आश्वासन के बाद खोला। पुलिस ने 48 घंटे बाद कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपी हनुमान सहाय मीणा और रामावतार मीना को गिरफ्तार कर लिया।
तुंगा थाना इंचार्ज दिगपाल सिंह ने बताया कि आरोपी अवैध रूप से शराब का ठेका संचालित करते थे। पुलिस ने अवैध रूप से संचालित ब्रांच को बंद कर दिया व 140 पव्वे बरामद कर लिए और अवैध रूप से शराब बेचने का मामला भी दर्ज कर लिया गया है। इधर मंडल अध्यक्ष के सिर में चोट के बाद बार-बार उल्टी आने के कारण परिजनों ने एसएमएस अस्पताल भर्ती करवाया वहां पर डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन किया उसमें पता लगा कि उनके सिर की नस में रक्त का थक्का जम गया, इसके बाद चिकित्सकों ने रिपोर्ट के अनुसार इलाज चालू कर दिया।
खबरों की अपडेट के लिए ‘जनता से रिश्ता’ पर बने रहे |