सब्जी बेचने वाले का ठनका माथा, पत्नी से मिलने आए युवक की बेरहमी से हत्या

आगरा: राजस्थान बार्डर से सटे आगरा के खेरागढ़ के गांव लालपुर में बुधवार की दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या की गई। युवक जान बचाने के लिए खेत में दौड़ा। हमलावर के सिर पर खून सवार था। धारदार हथियार से प्रहार करके युवक की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि महिला के पति ने वारदात को अंजाम दिया है। उसे अपनी पत्नी पर शक था। हत्यारोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

दोपहर करीब दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव लालपुर के बाहर खेत में एक युवक का शव पड़ा है। गोली चली है। एसीपी खेरागढ़ महेश कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची। मरने वाले की तलाशी ली गई। जेब में कोई आईडी नहीं मिली। मोबाइल भी नहीं था। सिर्फ बाइक की चाबी थी। शर्ट पर धौलपुर के न्यू स्टाइल टेलर का लोगो लगा था। युवक की फोटो धौलपुर (राजस्थान) पुलिस को भेजी गई।
छानबीन में जानकारी हुई कि युवक गांव लालपुर में एक महिला के घर आया करता था। पुलिस महिला के घर पहुंची। महिला पति से अलग रहती है। पति सब्जी विक्रेता है। महिला ने बताया कि युवक उसका चचेरा भाई था। पिछले करीब ढाई-तीन साल से उससे मिलने आया करता था। उसका नाम अनिल राजपूत था। धौलपुर के थाना सदर क्षेत्र के गांव मलिकपुर का निवासी था। उसके पति ने अनिल की हत्या की है। पति का नाम कमलेश है।
एसीपी ने बताया कि छानबीन में पता चला कि महिला का अपने पति से मुकदमा चल रहा है। महिला ने धौलपुर के सदर थाने में पति के खिलाफ मुकदमा लिखाया है। पति ने उसे अलग घर दे दिया है। वह अपने दो बच्चों के साथ उसी गांव में रहती है। कमलेश कभी-कभी अपने बच्चों से मिलने उस घर पर जाता था। पुलिस के मुताबिक बुधवार को कमलेश को पता चला कि अनिल उसकी पत्नी से मिलने आया है। वह गुस्से में घर आया। उसे देखकर अनिल ने दौड़ लगा दी। कमलेश ने पीछा करके उसे खेत में मार डाला। कमलेश की तलाश की जा रही है।