शादी का झांसा देकर महिला से रेप, जांच में जुटी पुलिस

जींद। हरियाणा के जींद में महिला को शादी का झांसा देकर हिसार के नारनौंद निवासी एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात भी करवा दिया। उससे 2 लाख रुपए भी हड़प लिए। बाद में शादी से मुकर गया। महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अबॉर्शन करवाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है। जींद शहर की एक कॉलोनी वासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 6 साल पहले उसकी नारनौंद निवासी राजू के साथ जान पहचान हुई थी। राजू ने उसे शादी करने का वादा करते हुए नजदीकियां बढ़ाई और उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए।
इसके बाद राजू लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा, लेकिन शादी नहीं की। इस दौरान वह प्रेग्नेंट हो गई, इस पर राजू ने उसे दवा देकर उसका गर्भपात करवा दिया। राजू ने उससे 2 लाख रुपए भी लिए थे। पीड़ित महिला ने बताया कि जब भी वह राजू पर शादी के लिए दबाव डालती तो वह कुछ दिन और इंतजार करने की बात कहता। जब राजू पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी न करने तथा उससे ली गई 2 लाख रुपए की राशि को लौटाने मना कर दिया। साथ ही उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर राजू के खिलाफ यौन शोषण करने गर्भपात करवाने समेत विभिन्न धाराओं के मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
