डीएवी नेशनल स्पोर्ट मीट चतुर्थ संपन्न, विजेताओं को दिया गया पुरस्कार

लखीसराय। स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय डीएवी नेशनल स्पोर्ट मीट चतुर्थ के समापन समारोह का भव्य आयोजन डीएवी परिसर में आयोजित किया किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एएसपी अभियान लखीसराय मोतीलाल एवं विशिष्ट अतिथि डीएवी स्कूल्स बिहार जोन “डी” के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी के. के. सिन्हा तथा बिहार जोन “ई” के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी आर.सी शर्मा रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ वैदिक हवन से किया गया। इसके बाद बिहार जोन “डी” के एआरओ के. के. सिन्हा एवं प्राचार्य डॉ निरंजन कुमार द्वारा मुख्य अतिथि एएसपी (अभियान) मोतीलाल को प्रतीक चिन्ह,अंग वस्त्र, पुष्प गुच्छ एवं उपहार प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात डीएवी शेखपुरा की छात्राओं द्वारा “कर हर मैदान फतह” गीत पर अत्यंत सुंदर नृत्य की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम की अगली कड़ी में बिहार जोन “डी” के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी के. के. सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि डीएवी संस्थाएं 137 वर्ष पुरानी संस्थाएं हैं, इसने समय के साथ अपने आप को विस्तारित करते हुए आज पूरे भारत में 919 शिक्षण संस्थानों के रूप में स्थापित किया है। कपिल देव,महेंद्र सिंह धोनी, नीरज चोपड़ा जैसे ख्यातिलब्ध खिलाड़ी डीएवी संस्थाओं की ही देन हैं। डीएवी स्कूल्स इसी तरह क्लस्टर,जोनल और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर देश को पहचान दिलाने वाले खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाता है। इसके बाद डीएवी लखीसराय की छात्राओं द्वारा राजस्थानी गीत “घूमर-घूमर”पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एएसपी (अभियान) मोतीलाल ने कुल 19 डीएवी स्कूल्स से आए हजारों खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को खेल की ही भावना से खेलना चाहिए।

जहां जीत हमें एक तरफ उत्साहित करती है, वहीं हार भी हमें यह सिखाती है कि तैयारी में कहां कमी रह गई। हार-जीत से ज्यादा खेल में भाग लेना महत्वपूर्ण होता है। खेल से ही हम अनुशासन संयम और सहयोग की भावना सीखते हैं। स्कूल वह स्थान होता है जहां से खेल प्रतिभाएं उभर कर सामने आती हैं। इसके बाद दो दिवस तक चले कुल सात खेल- कबड्डी, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, योगा, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल की विजेता एवं उपविजेता टीम को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण पत्र एएसपी (अभियान) एआरओ जोन “डी”, जोन “आई” एवं विभिन्न स्कूलों से आए प्राचार्यो द्वारा प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण के बाद सभी खिलाड़ियों ने जम्बल मार्च-पास्ट किया। अंत में प्राचार्य ने नेशनल स्पोर्ट क्लस्टर को कराने में पूरा सहयोग देने के प्रति आभार प्रकट किया। इस कार्यक्रम में डीएवी पूर्णिया के प्राचार्य अश्वनी कुमार सिंह, डीएवी इटवानगर बेगूसराय की प्राचार्या सविता, डीएवी शेखपुरा की प्राचार्या सुधा झा, डीएवी खगड़िया की प्राचार्या उषा मिश्रा, डीएवी जमालपुर के प्राचार्य संजय कुमार अम्बष्टा। डीएवी बखरी के प्राचार्य प्रशांत कुमार, डीएवी सुल्तानगंज के प्राचार्य शिवशंकर कुमार, डीएवी कहलगांव (एनटीपीसी) के प्राचार्य शिवानंद मिश्रा, डीएवी मथुरापुर के प्राचार्य सुदर्शन प्रसाद, डीएवी जमुई के प्राचार्य मृणाल कांत झा, डीएवी मुंगेर के प्राचार्य संजय कुमार, डीएवी बांका के प्राचार्य श्यामाचरण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डाॅ.समीर कुमार पाठक एवं मलय कांति कर्माकार द्वारा किया गया। तत्पश्चात खेल ध्वज को ससम्मान उतारकर स्थानीय प्राचार्य द्वारा एआरओ आर.सी.शर्मा को सौंपा गया। शांति पाठ से कार्यक्रम की समाप्ति हुई।