मौसम लेगा करवट, जानें आने वाले दिनों का हाल

जालंधर। पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। 2 दिन बारिश के बाद जहां 2 दिन अच्छी धूप खिलने का शहरवासियों ने आनंद लिया, वहीं अब 3 दिन तक फिर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जनवरी को हलकी और 29 व 30 को भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 2 दिन तेज बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। इससे तापमान में एक बार फिर गिरावट देखने को मिलेगी। गुरुवार को धूप से जहां लोगों को राहत मिली वहीं रात में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रहने से सबसे ठंडी रही। विशेषज्ञों का कहना है कि हिमाचल में हो रही बर्फबारी के कारण ही तापमान में बदलाव आ रहा है। दिन का तापमान अधिकतम 19.7 डिग्री तक दर्ज किया गया। फरवरी महीने की शुरुआत भी हलकी बारिश से होने की संभावना है। इसके बाद मौसम खुलने लग जाएगा और धूप भी अच्छी होगी।
