पति ने पत्नी का गला रेतकर कर दी हत्या, इलाके में फैली सनसनी

मेरठ। मेरठ में घर में सो रही पत्नी की पति ने गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान पति-पत्नी के बीच रात तीन बजे खटपट हुई। आवाज सुनकर बेटा कमरे में पहुंचा। जहां देखा मां के गले से खून बह रहा था। पिता वारदात के बाद फरार हो गए। बेटे ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं बेटे की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के जाटव गली की है। बताया जा रहा है, सतलीव की शादी जाटव वाली गली निवासी इसरार से हुई थी। दोनों की शादी को 35 साल हो चुके थे। 2 बेटे भी हैं। लेकिन पति-पत्नी में आए दिन विवाद रहता। बताया जा रहा है कि इसरार पत्नी पर शक करता था। इसके चलते ही उसने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी है।

इसरार स्कूल संचालक है। तारापुरी में भी उसका स्कूल चलता है। आरोपी पिता इसरार के खिलाफ उसके बेटे ने ही मां की हत्या करने का मुकदमा कराया है। महिला के 2 बेटे वकार और अंसार है। एक बेटा वकार इसी घर में अपनी पत्नी और माता, पिता के साथ रहता था। घर में ही एक ब्यूटी पार्लर भी है। दूसरा बेटा अंसार मजीद नगर में रहता है। बेटे वकार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता इसरार अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बेटे ने बताया कि उसके पिता इसरार अहमद, पुत्र रियाजुद्दीन ने उसकी मां की सोते समय गंडासे से गर्दन काटकर हत्या कर दी। मृतका की लाश चारपाई पर खून से सनी पड़ी थी। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट जितेंद्र कुमार ने बताया, मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है।