खाई में गिरी रोडवेज बस, आठ घायल, मची चीख-पुकार

वाराणसी। रोडवेज की बस रजवाड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजवाया।
अंबेडकर नगर डिपो की बस नंबर UP 54 AT 8142 वाराणसी से गाजीपुर की तरफ जा रही थी। टोल प्लाजा के आगे रजवाड़ी पुल के पहले डिवाइडर को क्रॉस करते हुए दाहिने तरफ गोमती नदी के करीब 100 मीटर पहले बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे में बस कंडक्टर समेत आठ लोग घायल हो गए। इसमें तीन को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पांच को हल्की चोटें लगी हैं।
बस में 20-25 यात्री सवार थे। सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय भेजा।
