यातायात नियमों के उल्लंघन मामले में 540 गिरफ्तार

कोलकाता। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर कोलकाता में यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में कोलकाता पुलिस ने शनिवार को 540 लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि क्रिसमस के दिन यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 314 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
रविवार को कोलकाता पुलिस की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक 31 दिसंबर यानी शनिवार को कुल 664 लोगों ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया। इनमें 187 लोगों पर तेज गति से वाहन चलाने पर जुर्माना लगाया गया। 179 लोगों ने शराब पीकर गाड़ी चलाकर कानून तोड़ा। 148 लोगों ने बिना हेलमेट पहने गाड़ी चलाई और ऐसा करके उन्होंने कानून तोड़ा। 95 सवारियों ने बिना हेलमेट बाइक चलाकर और 55 लोगों ने दूसरे तरीकों से ट्रैफिक कानून तोड़ा।
उल्लेखनीय है कि 25 दिसंबर यानी क्रिसमस के दिन यातायात उल्लंघन करने वालों की संख्या 323 थी। इनमें 84 ने तेज गति से वाहन चलाकर नियम तोड़ा। 78 लोगों ने शराब पीकर गाड़ी चलाई। 45 लोगों ने बिना हेलमेट पहने वाहन चलाकर कानून का उल्लंघन किया। वहीं बाइक की पिछली सीट पर बिना हेलमेट पहने 57 सवार बैठे थे। क्रिसमस के दिन 59 लोगों ने अन्य तरीकों से कानून का उल्लंघन किया।
लालबाजार ने नववर्ष की रात शहर के 97 स्थानों पर अतिरिक्त चौकसी की व्यवस्था की। पार्क स्ट्रीट और आस-पास के इलाकों के लिए अलग व्यवस्था थी। नए साल की पूर्व संध्या पर अकेले पार्क स्ट्रीट क्षेत्र को छह सेक्टरों में बांटा गया था। उपायुक्त रैंक के पुलिस अधिकारी उस क्षेत्र की सुरक्षा के प्रभारी थे। इतने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद कई मामलों में निगरानी में चूक के कारण नियम तोड़े गए हैं। आरोप है कि पुलिस इधर-उधर नियमों का उल्लंघन होते देख मूक दर्शक बनी रही।
