दुनिया जानना चाहती है कि भारत की रफ्तार क्या है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में आयोजित प्रवासी भारतीय सम्मेलन में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया जानना चाहती है कि भारत का भविष्य क्या है, भारत की स्पीड क्या है, क्योंकि भारत ने कुछ वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं वो अभूतपूर्व हैं। भारत की यह बढ़ती तरक्की और ताकत आने वाले दिनों में और भी ज्यादा बढ़ने वाली है, इसलिए प्रवासी भारतीयों की जिम्मेदारी और बन जाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि भारत इस वर्ष दुनिया के जी-20 समूहों की अध्यक्षता भी कर रहा है और भारत इस जिम्मेदारी को एक बड़े अवसर के रूप में देख रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा हमारे लिए यह दुनिया को भारत के बारे में बताने का अवसर है और भविष्य की दिशा तय करने का भी अवसर है। इसे जनभागीदारी का ऐतिहासिक आयोजन बनाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत के पास न सिर्फ नॉलेज सेंटर बनने की बल्कि स्किल कैपिटल बनने की ताकत भी है। उन्होंने कहा आज हमारे युवाओं के पास स्किल भी है, वैल्यूज भी हैं और काम करने के लिए जरूरी जज्बा और ईमानदारी भी है। भारत की यह स्किल कैपिटल दुनिया के लिए विकास का इंजन भी बन सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों से आहृवान करते हुए कहा कि आप जहां रहते हैं, भारत को अपने साथ रखते हैं। आप दुनिया में कहीं भी रहेंगे, लेकिन देश आपके हितों के लिए हमेशा आपके साथ रहेगा। आपकी जानकारी भारत के बारे में जितनी होगी, उतना ही आप बढ़ते भारत की जानकारी दुनिया को बता पाएंगे। इसलिए आपको भारत की प्रगति की विस्तृत जानकारी होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में उपस्थित युवाओं के साथ ही भारत की प्राथमिकता वो प्रवासी युवा भी हैं, जो विदेश में रहते हैं।
वे अपने माता-पिता से देश के बारे में जानना चाहते हैं और अपनी जड़ों से जुड़ना भी चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के शुरुआत में कहा कि अपनों से आमने-सामने की मुलाकात का आनंद अलग ही होता है। यहां पर उपस्थिति हर एक प्रवासी भारतीय अपनी माटी का अभिनंदन करने आया है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इंदौर अपने आप में अदभुत है। लोग कहते हैं कि इंदौर एक शहर है। लेकिन मैं कहता हूं कि इंदौर एक दौर है, जो समय के आगे चलता है। यह वक्त को अपने आप में समेटे रहता है। इंदौर को स्वच्छता के साथ-साथ कुछ लोग स्वाद की राजधानी भी कहते हैं।
{जनता से रिश्ता इस खबर की पुष्टि नहीं करता है ये खबर जनसरोकार के माध्यम से मिली है और ये खबर सोशल मीडिया में वायरलहो रही थी जिसके चलते इस खबर को प्रकाशित की जा रही है। इस पर जनता से रिश्ता खबर की सच्चाई को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।}
