ऑटो ने बाइक सवार को कुचला, मौत

हाथरस। हाथरस में सासनी कोतवाली थाना क्षेत्र में अलीगढ़ आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पराग डेयरी के निकट एक बाइक और ऑटो की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक चालक की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया है। आज दोपहर सवारियों को लेकर एक ऑटो सासनी से हाथरस की ओर आ रही थी। सासनी कोतवाली क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ रोड पर पराग डेयरी के निकट सामने से आ रही एक बाइक में उसने टक्कर मार दी।

इस बाइक पर 37 वर्षीय रोहित पुत्र निवासी जैनपुरी कस्बा सासनी सवार थे। वह ड्यूटी कर अपने घर वापस लौट रहे थे। वह गांव रुहेरी में एक सॉस की फैक्ट्री में काम करते थे। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेंपो में सवार एक वृद्धा चीना और उसकी पोती आलिया निवासी लाला का नगला थाना कोतवाली हाथरस और पंकज घायल हो गए। लोगों ने तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ भेज दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कुछ समय के लिए मौके पर जाम भी लग गया। पुलिस ने आवागमन सुचारू कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।